मेवाड़ में बदला मौसम: प्रतापगढ़ में 20 दिन बाद झमाझम, उदयपुर में दिनभर बूंदाबांदी से किसानों को राहत
Share
सोयाबीन समेत खरीफ फसलों को मिला संजीवनी, अच्छी बारिश की उम्मीद में किसानों के चेहरे खिले; कई क्षेत्रों में अब भी अच्छी वर्षा का इंतजार
उदयपुर/प्रतापगढ़, 20 जुलाई: लंबे इंतजार के बाद मेवाड़ संभाग में मौसम ने करवट ली। प्रतापगढ़ जिले के अवलेश्वर क्षेत्र में करीब 20 दिन बाद हुई बारिश ने किसानों को बड़ी राहत दी, वहीं उदयपुर में दिनभर रुक-रुक कर बूंदाबांदी का दौर चलता रहा। बारिश से खेतों में नमी बढ़ने के साथ खरीफ फसलों, विशेषकर सोयाबीन, को नया जीवन मिला है।
किसानों ने बताया कि क्षेत्र में 28 जून से 5 जुलाई के बीच सोयाबीन की बुवाई हुई थी, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से फसल की बढ़वार प्रभावित हो रही थी। सोमवार की बारिश से फसलों को संबल मिला है और अच्छी पैदावार की उम्मीद बढ़ी है।
बारिश की कामना को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए गए। राजोरा गांव में उज्जैनी कर इंद्रदेव को चूरमा-बाटी का भोग लगाया गया, जबकि अवलेश्वर में सुहागिन महिलाओं ने शीतला माता की पूजा कर अच्छी वर्षा की प्रार्थना की। हालांकि संभाग के कई इलाकों में अब भी पर्याप्त बारिश नहीं हुई है। किसान आने वाले दिनों में अच्छी वर्षा की उम्मीद लगाए बैठे हैं, ताकि खरीफ सीजन की फसलें पूरी तरह सुरक्षित रह सकें।
