LOADING

Type to search

सलूंबर में शादी का भोज बना मुसीबत, फूड पॉइजनिंग से 46 लोग बीमार

Local

सलूंबर में शादी का भोज बना मुसीबत, फूड पॉइजनिंग से 46 लोग बीमार

Share

खाना खाने के बाद उल्टी-दस्त की शिकायत; 10 अस्पताल में भर्ती, दो को एमबी हॉस्पिटल रेफर
उदयपुर, 26 जून:
सलूंबर जिले के परसाद थाना क्षेत्र के खेरकी गांव में एक शादी समारोह का मंडप भोज लोगों के लिए मुसीबत बन गया। भोजन करने के कुछ ही समय बाद 46 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। इनमें से 10 लोगों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा, जबकि दो की हालत गंभीर होने पर उदयपुर के महाराणा भूपाल (एमबी) हॉस्पिटल रेफर किया गया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में मेडिकल टीम तैनात कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार खेरकी गांव के भमात फला निवासी गोविंद मीणा के पुत्र संदीप मीणा के विवाह समारोह में गुरुवार को मंडप भोज का आयोजन किया गया था। सुबह तैयार किए गए भोजन को शाम चार से सात बजे के बीच ग्रामीणों, रिश्तेदारों और बारातियों ने ग्रहण किया। भोजन के आधे से एक घंटे के भीतर कई लोगों को फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण दिखाई देने लगे।
इस दौरान उदयपुर के सुरफलाया के लिए रवाना हो रही बारात में शामिल कुछ लोगों की तबीयत रास्ते में बिगड़ गई। वे वापस लौटकर सीधे परसाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां आठ मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि किशन मीणा (18) और पुष्पा मीणा (45) की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एमबी हॉस्पिटल रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही चिकित्सा प्रभारी डॉ. महेंद्र डामोर के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गांव में घर-घर सर्वे कर 46 प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। पूरे क्षेत्र में चिकित्सा दलों को अलर्ट कर दिया गया है।
सीएमएचओ सलूंबर डॉ. महेंद्र परमार ने बताया कि फूड पॉइजनिंग की आशंका को देखते हुए मेडिकल टीम गांव में लगातार निगरानी रख रही है। भोजन के नमूनों की जांच कराई जा रही है तथा एहतियात के तौर पर शनिवार को भी चिकित्सा दल गांव में तैनात रहेगा। फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *