बीच-बचाव करने आए युवक पर चाकू से हमला, हथेली पर लगी चोट
Share
रेस्टोरेंट कर्मचारी से विवाद के बाद तीन युवकों ने किया हमला, खुद को हिस्ट्रीशीटर बताकर दी धमकी
उदयपुर, 21 अक्टूबर: प्रतापनगर थाना क्षेत्र में ग्लास फैक्ट्री स्थित दया रेस्टोरेंट में मंगलवार शाम कर्मचारियों से विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए एक युवक पर तीन युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक की हथेली पर चोट लगी। घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
चित्तौड़गढ़ निवासी और वर्तमान में भूपालपुरा में रहने वाले विक्रम सिंह शक्तावत (43) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 20 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे दया रेस्टोरेंट में नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान खेमपुरा की तरफ से बाइक पर तीन युवक कुणाल सिंह कच्छावा, राहुल डांगी और प्रवीण कच्छावा वहां पहुंचे। तीनों रेस्टोरेंट कर्मचारियों से गाली-गलौज करने लगे। कर्मचारियों ने उन्हें ठीक से बात करने और नशे में होने की बात कही तो वे भड़क गए।
आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक ने कर्मचारी पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया। यह देखकर विक्रम सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। इससे उनकी हथेली पर चोट लग गई। रिपोर्ट के अनुसार, विवाद के दौरान एक आरोपी ने धमकाते हुए कहा कि वह उदयपुर का हिस्ट्रीशीटर है। वारदात के बाद आरोपी धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में युवक झगड़ते और चाकू लहराते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई महेंद्र सिंह को सौंपी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

