उदयपुर जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की वोटिंग कल
Share
एक मतदाता डालेगा दो वोट; 20 नवंबर को आएगा चुनाव परिणाम
उदयपुर, 21 अक्टूबर: उदयपुर जिले में पंचायत चुनाव के पहले चरण में जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य के लिए मतदान कल होगा। मतदान दलों की रवानगी आज हो गई है। इसमें झाड़ोल, फलासिया, ओगणा, गिर्वा, नाई, मावली, घासा, वल्लभनगर, भीण्डर और कुराबड़ पंचायत समितियां शामिल हैं।
प्रथम चरण का मतदान कल
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य का प्रथम चरण का मतदान 22 अक्टूबर को होगा और रिजल्ट 20 नवंबर को घोषित होगा। इसी तरह पहले चरण में सरपंच और वार्ड पंच का मतदान 24 अक्टूबर को होगा और उसके बाद रिजल्ट घोषित किया जाएगा।
जिला परिषद में 126 उम्मीदवार मैदान में
उदयपुर जिला परिषद के 47 सीटों पर कुल 126 उम्मीदवार मैदान में हैं। पहले चरण में जिला परिषद के 25 वार्डों में मतदान होगा। वहीं, इस चरण में 10 पंचायत समितियों में 435 उम्मीदवार पंचायत समिति सदस्य के लिए मैदान में हैं।
हर मतदाता दो वोट डालेगा
वोटिंग करने पर लेफ्ट हाथ में अंगूठे के पास वाली अगुंली (तर्जनी या इंडेक्स फिंगर) पर स्याही लगाई जाएगी, वहीं दूसरे चरण में वोटिंग करने पर राइट हाथ में अंगूठे के पास वाली अंगुली (तर्जनी या इंडेक्स फिंगर) पर स्याही लगाई जाएगी।
पहले चरण में वोटिंग सबसे पहले जिला परिषद सदस्य के लिए करेंगे और फिर पंचायत समिति सदस्य के लिए वोटिंग करेंगे। दूसरे चरण में पहले सरपंच व बाद में वार्ड पंच के लिए वोटिंग करेंगे।

