टाकरी घाटी में युवक की धारदार हथियार से हत्या
Share
कार्यक्रम से लौट रहे युवक पर बदमाशों ने किया हमला, मोबाइल-पर्स भी लूटे
कोटड़ा, 8 मई: कोटड़ा उपखंड के बेकरिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी युवक का मोबाइल और पर्स लूटकर फरार हो गए।
बेकरिया थानाधिकारी उत्तम सिंह मेड़तिया ने बताया कि ठंडी बेरी पिंडवाड़ा निवासी मेवाराम अपने दोस्तों के साथ पीपली खेड़ा गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम से लौटते समय टाकरी घाटी के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार आधा दर्जन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
बदमाशों ने मेवाराम पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के दौरान आरोपियों ने युवक का मोबाइल और पर्स भी लूट लिया तथा मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बेकरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर हत्या का मामला दर्ज किया तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
गुरुवार को पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश करते हुए मामले की जांच में जुटी है।
