71 वर्षीय बुजुर्ग घर पर बना रहा था अवैध देसी बंदूकें
Share
पुलिस की दबिश में एक तैयार, एक अधबनी बंदूक सहित हथियार बनाने का सामान बरामद
बांसवाड़ा, 10 जुलाई: जिले के भूंगड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने घर पर अवैध देसी बंदूकें बनाने का काम कर रहे 71 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है। मियांसा गांव में देर रात पुलिस और डीएसबी की संयुक्त टीम ने दबिश देकर आरोपी के घर से एक तैयार देसी बंदूक, एक अधबनी बंदूक, कई बैरल और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी नाथूलाल चार दिन पहले एक सड़क हादसे में घायल हो गया था। जब पुलिस उसके घर पहुंची तो वह खाट पर पड़ा मिला। हादसे में उसकी पसलियों में फ्रैक्चर और पैर में गंभीर चोट आई थी। वह हृदय और ब्लड प्रेशर की बीमारी से भी पीड़ित है।
तलाशी के दौरान घर में अवैध हथियार निर्माण का पूरा सेटअप मिला। पुलिस ने एक तैयार देसी बंदूक, चार नई नाल (बैरल), एक पुरानी जंग लगी नाल, एक अर्धनिर्मित बंदूक तथा भारी मात्रा में कच्चा माल और उपकरण जब्त किए हैं।
थानाधिकारी देवीलाल खटीक ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पहले घाटोल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसकी पल्स रेट अधिक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद बांसवाड़ा के महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल रेफर किया गया। रात करीब 12 बजे उसे एमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस निगरानी में उसका उपचार जारी है। पुलिस ने बरामद हथियारों और सामग्री को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फोटो कैप्शन: बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल में पुलिस निगरानी में भर्ती आरोपी बुजुर्ग, जिसके घर से अवैध देसी बंदूकें और हथियार बनाने का सामान बरामद हुआ।
