विदेश मंत्री जयशंकर से कुवैत में मिले वागड़ के प्रतिनिधि
Share
प्रवासी भारतीयों के लिए बीमा दायरा बढ़ाने और उदयपुर-कुवैत सीधी उड़ान शुरू करने की मांग
डूंगरपुर, 10 जुलाई: कुवैत दौरे पर गए भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इंडिया हाउस में भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान कुवैत में रह रहे भारतीयों के कल्याण, श्रमिकों की समस्याओं और भविष्य की आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में आरएएफ चैप्टर कुवैत के अध्यक्ष डायालाल कुम्हार ने विदेश मंत्री को मांग पत्र सौंपते हुए प्रवासी भारतीय बीमा योजना (PBBY) का दायरा बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में योजना का लाभ मुख्य रूप से घरेलू कामगारों को मिलता है, जबकि खाड़ी देशों में कार्यरत वाणिज्यिक श्रमिकों सहित अन्य पात्र भारतीयों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए। इससे लाखों प्रवासी भारतीयों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने कुवैत सिटी और उदयपुर के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने की भी मांग रखी। उनका कहना था कि इससे वागड़ और दक्षिणी राजस्थान के हजारों प्रवासी भारतीयों के समय और यात्रा खर्च में कमी आएगी।
इसके अलावा भारत सरकार की उड़ान (UDAN) योजना के तहत तलवाड़ा एयरस्ट्रिप से क्षेत्रीय हवाई सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया। प्रस्तावित मार्गों में अहमदाबाद–बांसवाड़ा (तलवाड़ा), बांसवाड़ा–उदयपुर–दिल्ली, दिल्ली–उदयपुर–बांसवाड़ा और बांसवाड़ा–अहमदाबाद शामिल हैं। प्रतिनिधियों ने इन उड़ानों का संचालन एलायंस एयर के माध्यम से कराने का सुझाव दिया।
फोटो कैप्शन: कुवैत स्थित इंडिया हाउस में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को मांग पत्र सौंपते वागड़ क्षेत्र के प्रतिनिधि।
