दिव्यांगों के सहयोग के लिए उदयपुर में ‘ऑल स्टार्स क्रिकेट इनविटेशनल’
Share
9 से 11 अक्टूबर तक फील्ड क्लब में छह टी-20 मैच, देश-विदेश से करीब 200 विशिष्ट अतिथि पहुंचेंगे
उदयपुर, 7 अक्टूबर: दिव्यांगजनों के कल्याण और पुनर्वास के लिए उदयपुर में 9 से 11 अक्टूबर तक तीन दिवसीय चैरिटी क्रिकेट टूर्नामेंट ‘ऑल स्टार्स क्रिकेट इनविटेशनल’ आयोजित होगा। इसका आयोजन ‘विकलांग शिक्षक सेवा संस्थान, जोधपुर’ के सहयोग से फंड जुटाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता जाह्नवी कुमारी मेवाड़ और पूर्व क्रिकेटर उदय बावा आयोजन से जुड़े हैं। 2012 लंदन ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी ट्रैप शूटर शगुन चौधरी और जापान की साओरी योगिनी भी प्रमुख सदस्य हैं। वीरमदेव सिंह कृष्णावत और बीसीसीआई अंपायर डॉ. अजातशत्रु सिंह शिवरती का स्थानीय सहयोग है। फील्ड क्लब मैदान पर छह टी-20 मैच होंगे। चार टीमें—ऑल स्टार्स, मेयो कॉलेज एलुमनाई, एक्सेलियर क्रिकेट क्लब और फील्ड क्लब—भाग लेंगी। ऑल स्टार्स में दून स्कूल, मेयो कॉलेज, लॉरेंस स्कूल सनावर और डेली कॉलेज के पूर्व क्रिकेटर खेलेंगे। आयोजन सचिव उदय बावा 1995-96 में यूके की कैम्ब्रिजशायर माइनर काउंटीज के फर्स्ट डिवीजन क्रिकेट में खेल चुके हैं। न्यूयॉर्क, इंग्लैंड, सिंगापुर और जापान सहित विभिन्न शहरों से करीब 200 अतिथि पहुंचेंगे। 10 अक्टूबर को चुंडा पैलेस में फंड जुटाने का कार्यक्रम होगा।

