LOADING

Type to search

नगर निगम चुनाव में लगातार सातवीं बार बोर्ड बनाने की तैयारी में जुटी भाजपा

political

नगर निगम चुनाव में लगातार सातवीं बार बोर्ड बनाने की तैयारी में जुटी भाजपा

Share

संगठनात्मक बैठक में बूथ स्तर तक रणनीति पर मंथन, मतदाता सूची दुरुस्त करने और 14 अगस्त की तिरंगा यात्रा में भागीदारी का आह्वान
उदयपुर, 9 अगस्त:
नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी शहर जिला उदयपुर ने संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की रणनीति बनाई है। पटेल सर्कल स्थित पार्टी कार्यालय पर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में हुई मासिक संगठनात्मक बैठक में नेताओं ने सातवीं बार निगम में भाजपा का बोर्ड बनाने का लक्ष्य दोहराया। बैठक में मंडलवार संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी चुनाव की रणनीति, मतदाता सूची और 14 अगस्त की तिरंगा यात्रा को लेकर चर्चा हुई।
बूथ जीतने पर वार्ड जीतने का लक्ष्य
जिला प्रभारी हरीश पाटीदार ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर मजबूती से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ जीतने की रणनीति से वार्ड और फिर निगम में जीत का रास्ता तैयार होगा। उन्होंने संगठन में अनुशासन बनाए रखने और पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशी को पूरी ताकत से जिताने की बात कही।
12 अगस्त तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने पर जोर
जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि कार्यकर्ता सकारात्मक सोच के साथ चुनावी मैदान में उतरें। उन्होंने मतदाता सूची में छूटे नामों को 12 अगस्त तक जुड़वाने का आह्वान किया। साथ ही 14 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा में अधिकाधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
टिकट चयन में पारदर्शिता की मांग
विधायक ताराचंद जैन ने टिकट वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच अपने कार्यकाल में हुए विकास कार्यों के साथ जाएं। उन्होंने बताया कि शहर में किए गए प्रमुख विकास कार्यों की पुस्तिका जल्द जनता के सामने रखी जाएगी। जैन ने विधानसभा में उठाए गए 272 भूखंड मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि पट्टे देने वालों पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
एकजुट होने का आह्वान
सांसद डॉ. मन्नालाल रावत और विधायक फूलसिंह मीणा ने सभी वार्डों में भाजपा की जीत का लक्ष्य दोहराया। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद सामर ने चरणबद्ध और समयबद्ध चुनावी रणनीति अपनाने तथा बूथ-वार जिम्मेदारियां तय करने पर जोर दिया। बैठक में 14 अगस्त की तिरंगा यात्रा में प्रत्येक बूथ से बाइक सवार कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया गया। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *