बहन को विदा कराने पहुंचे जीजा ने साले पर किया चाकू से हमला
Share
साले ने पत्थर मारकर फोड़ा जीजा का सिर, दोनों पक्षों ने दर्ज कराए क्रॉस केस
उदयपुर, 01 जून: उदयपुर शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। सिटी रेलवे स्टेशन के सामने स्थित कच्ची बस्ती में बहन को ससुराल भेजने को लेकर हुए विवाद में जीजा ने अपने साले पर चाकू से हमला कर दिया। जवाब में साले ने भी पत्थर मारकर जीजा का सिर फोड़ दिया। घटना में साला गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने एमबी चिकित्सालय में भर्ती कराया है।
पत्नी को लेने आया था जीजा, बढ़ गया विवाद
जानकारी के अनुसार राहुल अपनी पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था। इस दौरान साले अजय गुजराती ने बहन को भेजने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि राहुल ने अजय की पीठ पर चाकू से वार कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को किया डिटेन
थानाधिकारी रतनसिंह चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कराया है। अजय ने चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है, जबकि राहुल ने भी मारपीट और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने राहुल को डिटेन कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
