घर-घर जाकर भाजपा बोर्ड की नाकामियां गिनाएगी कांग्रेस
Share
नगर निगम चुनाव से पहले जनसंपर्क अभियान तेज, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान
उदयपुर, 3 अगस्त: नगर निगम चुनाव की तैयारियों के बीच शहर जिला कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान तेज करने का निर्णय लिया है। पार्टी कार्यकर्ता अब वार्ड-वार्ड और घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे तथा वर्तमान नगर निगम बोर्ड की कथित कमियों और कांग्रेस की नीतियों को जनता तक पहुंचाएंगे।
देवाली सामुदायिक भवन में सोमवार को आयोजित शहर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने की। बैठक में नगर निगम चुनाव प्रभारी हरीश चौधरी, डिंपल राठौड़, राजपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने आरोप लगाया कि उदयपुर की जनता खोखले दावों, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं की अनदेखी से परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को नगर निगम बोर्ड की कथित विफलताओं से अवगत कराएंगे और जवाबदेह एवं पारदर्शी नगर निगम का संकल्प लेकर जनता के बीच जाएंगे।
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और शहर की मूलभूत सुविधाओं की उपेक्षा का आरोप लगाया। उनका कहना था कि साफ-सफाई, सड़क, जल निकासी, यातायात और पारदर्शी प्रशासन जैसे मुद्दों पर निगम अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाया है।
नगर निगम चुनाव प्रभारी हरीश चौधरी ने कार्यकर्ताओं से वार्ड और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाए और कांग्रेस की नीतियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करे।
महामंत्री दिनेश कुमार दवे ने बताया कि बैठक में वार्डवार संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा, बूथ स्तर तक चुनावी रणनीति लागू करने और जनसंपर्क अभियान को गति देने पर सहमति बनी। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आगामी नगर निगम चुनाव में पूरी ताकत से उतरकर कांग्रेस का बोर्ड बनाने का संकल्प भी लिया।

