LOADING

Type to search

जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल रहे गोगुन्दा-सायरा दौरे पर

Local

जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल रहे गोगुन्दा-सायरा दौरे पर

Share

उपखण्ड-तहसील कार्यालयों, अस्पताल व अन्नपूर्णा रसोई का सघन निरीक्षण
ग्रामीणों से किया संवाद, अधिकारियों को दिए निर्देश
महाराणा प्रताप की राजतिलक स्थली पर किया नमन
उदयपुर, 17 अप्रैल:
जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल शुक्रवार को गोगुन्दा एवं सायरा क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने सरकारी कार्यालयों, अस्पताल, अन्नपूर्णा रसोई आदि का सघन निरीक्षण किया। सायरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत ब्राह्मणों का कलवाड़ा में रात्रि चौपाल कर ग्रामीणों की परिवेदनाएं भी सुनी।
प्रताप को नमन, राजतिलक स्थली की सारसंभाल के निर्देश
जिला कलक्टर अग्रवाल शुक्रवार अपराह्न गोगुन्दा पहुंचे। वहां उन्होंने महाराणा प्रताप और राणा पूंजा की प्रतिमाओं को नमन किया। उन्होंने राजतिलक स्थली और ऐतिहासिक बावड़ी का अवलोकन करते हुए पूरे परिसर की अच्छे से सार संभाल किए जाने, सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए।
कार्यालयों का निरीक्षण, दिए निर्देश
इसके बाद जिला कलक्टर ने तहसील व उपखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। एसडीएम शुभम् भैसारे और तहसीलदार प्रवीण कुमार सैनी से कामकाज की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व न्यायालय की सभी पत्रावलियों को ऑनलाइन करने के निर्देश देते हुए कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने पर जोर दिया। उन्होंने अस्पताल का भी निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। सोनोग्राफी मशीन के लिए नवीन उपकरणों का प्रस्ताव भेजने को कहा। अन्नपूर्णा रसोई पहुंचकर उन्होंने लाभार्थियों से भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी। शादी वाले परिवारों को गैस सिलेंडर नहीं मिलने की समस्या सामने आने पर अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को बाईपास से बस स्टैंड वाली सड़क निर्माण कार्य एक माह में पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को संपर्क पोर्टल पर शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर त्वरित निस्तारण की हिदायत दी। इस दौरान विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह राजावत, नायब तहसीलदार गणेश विजयवर्गीय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी दिनेश मीणा एवं डॉ. शांतिलाल चौबीसा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

लखावली स्कूल में सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

उदयपुर, 17 अप्रैल: राजस्थान महिला टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज एवं आधार फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लखावली में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आधार फाउंडेशन के संस्थापक नारायण जाट एवं महाविद्यालय की छात्राध्यापिकाओं ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व, नवीन मोटर वाहन नियमों तथा विभिन्न सड़क चिन्हों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही स्लोगन के माध्यम से छात्रों को सड़क पर सतर्कता बरतने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों की सड़क सुरक्षा में भूमिका को रेखांकित करते हुए बताया गया कि नाबालिग को वाहन देना कानूनन अपराध है। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन नहीं देने एवं बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाने के लिए भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में राहगीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने वाले व्यक्ति को 25 हजार की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राध्यापक डॉ. जागृति पारीख, डॉ. अंकुर कपूर तुली एवं विद्यालय की प्राचार्या डॉ. मंजूलता परिहार सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

अमरीका के राजदूत 19 को उदयपुर में

उदयपुर, 17 अप्रैल: यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर रविवार को उदयपुर प्रवास पर रहेंगे। अमरीकी राजदूत 19 अप्रैल को प्रातः वायुयान द्वारा उदयपुर आएंगे। रात्रि विश्राम उदयपुर में रहेगा। वे सोमवार को वायुयान द्वारा दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *