ड्रग तस्कर की ₹1.04 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
Share
492 किलो से अधिक डोडाचूरा बरामदगी मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत की कार्रवाई
प्रतापगढ़, 10 जुलाई: प्रतापगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत एक ड्रग तस्कर की 1 करोड़ 4 लाख रुपए की चल एवं अचल संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(1) के तहत फ्रीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार 22 दिसंबर 2023 को गांव संचई में एक पलटी हुई कार की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। तलाशी के दौरान कार से 492.850 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया था। इस संबंध में थाना प्रतापगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में घनश्याम कलाल निवासी रिछा की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी घनश्याम कलाल पहले से ही थाना धमोतर में दर्ज एनडीपीएस मामले में दोषसिद्ध होकर 8 वर्ष के कारावास और एक लाख रुपए के अर्थदंड की सजा काट रहा है।
वित्तीय जांच में सामने आया कि आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से अपनी पत्नी मैनाबाई चौधरी के नाम पर ग्राम रिछा में करीब 60 लाख रुपए का आलीशान मकान, ग्राम पड़ुनी में अपने नाम पर लगभग 40 लाख रुपए का फार्म हाउस तथा करीब 4 लाख रुपए कीमत की मारुति सुजुकी ऑल्टो कार खरीदी थी।
पुलिस ने इन सभी संपत्तियों को अवैध आय से अर्जित मानते हुए एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत फ्रीज कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई और आर्थिक नेटवर्क को भी ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
