LOADING

Type to search

बहन की मौत का बदला लेने जीजा की हत्या

Local

बहन की मौत का बदला लेने जीजा की हत्या

Share

साले ने साथियों संग अपहरण कर जंगल में पत्थर से सिर कुचला, गांव में तनाव
उदयपुर, 29 अप्रेल
: उदयपुर जिले के ओगणा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बहन की मौत से गुस्साए भाई ने अपने जीजा की अपहरण के बाद हत्या कर दी। आरोपी भाई को शक था कि उसकी बहन की मौत स्वाभाविक नहीं बल्कि पति की प्रताड़ना या हत्या का नतीजा है। इसी शक ने उसे इतना उग्र बना दिया कि उसने साथियों के साथ मिलकर जीजा को घर से उठाया, जंगल में ले गया और पत्थर से सिर कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
बहन की मौत के बाद बढ़ा विवाद


जानकारी के अनुसार चोखला बारा निवासी पारू (25) पत्नी पिंटूलाल वडेरा की 24 अप्रैल को तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उसे पहले ओगणा अस्पताल और बाद में उदयपुर लेकर गए, जहां 27 अप्रैल की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद उसके पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घर में तोड़फोड़, फिर किया अपहरण
ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार शाम मृतका के पीहर पक्ष के लोग पिंटू के घर पहुंचे और जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उपद्रव को रोकने के बजाय स्थिति को रिकॉर्ड करती रही। बुधवार सुबह मृतका का भाई करण अपने साथियों के साथ फिर गांव पहुंचा और पिंटू का अपहरण कर लिया।
जंगल में ले जाकर की हत्या
आरोपी पिंटू को करीब 15 किलोमीटर दूर अंबावी उपरेटा के जंगल में ले गए, जहां पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। ग्रामीणों ने अपहरण की सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस जब तक जंगल पहुंची, तब तक आरोपी वारदात कर फरार हो चुके थे। पुलिस को जंगल में पिंटू का शव मिला।
मृतक पर था परिवार की जिम्मेदारी
ग्रामीणों ने बताया कि पिंटू परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। पिता की डेढ़ महीने पहले और मां की एक वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। वह मजदूरी कर अपने छोटे भाई-बहनों का पालन-पोषण कर रहा था।
आरोपियों की तलाश में पुलिस
डीएसपी विवेक सिंह राव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह वारदात बहन की मौत के शक में बदले की भावना से की गई हत्या मानी जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *