LOADING

Type to search

सुविवि: सम सेमेस्टर परीक्षा की जल्दबाजी से छात्र परेशान

Local

सुविवि: सम सेमेस्टर परीक्षा की जल्दबाजी से छात्र परेशान

Share

क्लास शुरू हुए बिना मई अंत में एग्जाम, कोर्स पूरा करने की चिंता बढ़ी
उदयपुर, 30 अप्रैल: मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी द्वारा ग्रेजुएशन के सम सेमेस्टर (द्वितीय, चतुर्थ और षष्ठम) की परीक्षाएं मई के अंतिम सप्ताह में कराने की तैयारी ने विद्यार्थियों की चिंता बढ़ा दी है। यूनिवर्सिटी ने 1 मई से ऑनलाइन परीक्षा आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है, जबकि अधिकांश विद्यार्थियों का पहला सेमेस्टर समाप्त हुए अभी केवल 15 से 20 दिन ही हुए हैं। ऐसे में बिना नियमित कक्षाएं लगे छात्रों के सामने सिलेबस पूरा करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक डॉ. मुकेश कुमार बारबर ने बताया कि 1 मई से ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने का पोर्टल खुल जाएगा और 11 मई तक आवेदन किए जा सकेंगे। साथ ही कॉलेज प्राचार्यों और विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यार्थियों को समय पर सूचना देकर फॉर्म स्वीकृति की प्रक्रिया रोजाना पूरी करें, ताकि परीक्षा कार्यक्रम में देरी न हो।
बिना पढ़ाई परीक्षा से छात्रों में असमंजस
वर्तमान में प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं अभी चल रही हैं या हाल ही में समाप्त हुई हैं। इसके बावजूद सम सेमेस्टर की परीक्षाओं की तिथि घोषित कर दी गई है, जबकि इन कक्षाओं की पढ़ाई अभी शुरू भी नहीं हुई। छात्रों का कहना है कि बिना कक्षाएं लगे कुछ ही दिनों में पूरे पाठ्यक्रम की तैयारी संभव नहीं है।
सत्र नियमित करने की तैयारी
यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि कोरोना काल और अन्य कारणों से शैक्षणिक सत्र एक सेमेस्टर पीछे चल रहा है। इसे समय पर लाने के लिए 1 जुलाई से नया सत्र शुरू करने की योजना है। इसी कारण परीक्षाएं जल्दी कराई जा रही हैं। हालांकि इस फैसले से विद्यार्थियों पर अचानक पढ़ाई का दबाव बढ़ गया है और छात्र वर्ग में असंतोष देखा जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *