भीलवाड़ा में सदर थानाधिकारी संदिग्ध हालात में गोली लगने से घायल
Share
सरकारी आवास में लहूलुहान मिले सीआई लोकपाल सिंह, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती; पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी
भीलवाड़ा, 4 अगस्त: भीलवाड़ा के सदर थाना प्रभारी (सीआई) लोकपाल सिंह मंगलवार देर शाम अपने सरकारी क्वार्टर में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें गोली लगी है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिसकर्मी तत्काल उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली कैसे चली और घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और अन्य संभावित पहलुओं सहित हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
सीआई लोकपाल सिंह मूलतः अजमेर जिले के विजयनगर क्षेत्र के नादसी गांव के निवासी हैं। करीब दो माह पूर्व उनका दूसरा विवाह हुआ था। परिवार में माता-पिता और तीन भाई हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर ही आगे की जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर पुलिस ने किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

