निर्दलीय जीते कमलेश बोराणा फिर भाजपा में शामिल
Share
प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर जिला संगठन ने दिलाई सदस्यता, मंत्री खराड़ी सहित कई पदाधिकारी रहे मौजूद
उदयपुर, 19 सितम्बर : नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 11 से निर्दलीय निर्वाचित पार्षद कमलेश बोराणा शनिवार को पुनः भाजपा में शामिल हो गए। बोराणा ने भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ा था और 1518 मत प्राप्त कर 561 मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश पर शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह एवं देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली की उपस्थिति में उन्हें भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई गई। शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह ने बताया कि चुनाव के बाद बोराणा ने संगठन के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई थी। इसकी जानकारी प्रदेश नेतृत्व को दी गई, जिसके बाद सदस्यता की प्रक्रिया पूरी की गई।
गजपाल सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन के परिवार के रूप में साथ लेकर चलती है। उनके अनुसार बोराणा के पुनः पार्टी में आने से वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, जिला महामंत्री देवीलाल सालवी, पंकज बोराणा, अशोक शर्मा, मंडल अध्यक्ष मुकेश जोशी सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बोराणा ने प्रदेश नेतृत्व एवं जिला संगठन का आभार जताते हुए वार्ड की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।

