पंचायत कार्यालय पर तालाबंदी, अतिक्रमण के विरोध में धरना
Share
ग्रामसभा नहीं होने से भी नाराज ग्रामीण; पुलिस ने ताला खुलवाया, अधिकारियों की समझाइश के बाद भी धरना जारी
उदयपुर, 24 अगस्त: घासा पंचायत समिति के पलाना कलां गांव में सार्वजनिक आबादी भूमि से अतिक्रमण हटाने और करीब दो साल से ग्रामसभा नहीं होने से नाराज उपसरपंच, वार्ड पंचों व ग्रामीणों ने सोमवार को पंचायत कार्यालय के बाहर धरना दिया और तालाबंदी कर दी। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने समझाइश कर ताला खुलवा दिया, लेकिन ग्रामीणों का धरना जारी रहा।
नोटिस के बावजूद निर्माण जारी रखने का आरोप
उपसरपंच पारस खटीक व वार्ड पंचों ने आरोप लगाया कि हनुमान मंदिर के पास सार्वजनिक आबादी भूमि पर अतिक्रमण का मामला लंबे समय से लंबित है। पंचायत ने निर्माण रोकने का नोटिस जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद निर्माण जारी रहा। ग्रामीणों के अनुसार 2021 में शिकायत के बाद इसी स्थान से कथित अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन अब दोबारा कब्जा किया गया है। कार्रवाई के लिए पंचायत स्तर से पत्र तैयार होने के बावजूद प्रशासक के हस्ताक्षर नहीं होने से मामला आगे नहीं बढ़ने का आरोप है।
दो साल से ग्रामसभा नहीं होने का आरोप
ग्रामीणों ने कहा कि करीब दो वर्षों से ग्रामसभा आयोजित नहीं हुई। इससे विकास कार्यों और पंचायत की समस्याओं पर चर्चा नहीं हो पा रही है। सरपंच, ग्राम विकास अधिकारी, विकास अधिकारी और उपखंड अधिकारी को शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने से ग्रामीणों ने आंदोलन किया। मौके पर मावली तहसीलदार कांति चंद, घासा नायब तहसीलदार नंदलाल जोशी और बीडीओ हरीश सोनी पहुंचे। पुलिसकर्मी हीरालाल ने समझाइश कर ताला खुलवाया। ग्रामीणों ने समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

