पेसिफिक मेडिकल यूनिवर्सिटी में नर्सिंग विद्यार्थियों ने मोल्डिट क्ले और पेस्टल आर्ट से दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
Share
उदयपुर, 17 अप्रैल: पेसिफिक मेडिकल यूनिवर्सिटी के तिरूपति कॉलेज ऑफ नर्सिंग में छात्र-छात्राओं की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक विशेष आर्ट एंड क्राफ्ट वर्कशॉप आयोजित की गई। पिडिलाइट इंडस्ट्रीज के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में विद्यार्थियों ने मोल्डिट क्ले और पेस्टल आर्ट के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यशाला की मुख्य प्रशिक्षिका डॉ. राहीला घोड़च ने 30 से अधिक नर्सिंग विद्यार्थियों को मोल्डिट क्ले के जरिए हस्तकला की बारीकियां सिखाईं। विद्यार्थियों ने क्ले की सहायता से आकर्षक कलाकृतियां और सजावटी वस्तुएं तैयार कीं। साथ ही पेस्टल कलर्स के माध्यम से अपनी भावनाओं और कल्पनाओं को कैनवास पर उकेरते हुए कला का सुंदर प्रदर्शन किया।
डॉ. राहीला घोड़च ने कहा कि यह कार्यशाला केवल कला सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को मानसिक तनाव से राहत देने और आत्म-अभिव्यक्ति का अवसर प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि रचनात्मकता मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी आंतरिक प्रतिभा पहचानने का अवसर देते हैं।
इस अवसर पर पिडिलाइट इंडस्ट्रीज से सीएमडीआई गोपाल माथुर ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और रचनात्मक मूल्यों से जोड़ती हैं। इससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे सम्मान देने का अवसर मिलता है।
कार्यशाला को सफल बनाने में पीएमसीएच के एचआर विभाग से प्रवीण, हेमंत सैन एवं लक्ष्मण डांगी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने कला गतिविधियों के माध्यम से सीखने के इस अनुभव को बेहद प्रेरणादायक बताया।
