LOADING

Type to search

विपरीत परिस्थितियों में धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा जरूरी : प्रशांत अग्रवाल

socal

विपरीत परिस्थितियों में धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा जरूरी : प्रशांत अग्रवाल

Share

उदयपुर, 10 नवम्बर: नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने सेवातीर्थ स्थित वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी में आयोजित ‘अपनों से अपनी बात’ कथा में राजा जनक और महर्षि अष्टावक्र के प्रसंगों के माध्यम से ज्ञान, वैराग्य, धैर्य और संयम का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि वास्तविक ज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि उसका प्रभाव व्यक्ति के विचारों और व्यवहार में दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि राजा जनक की सभा में पहुंचे बालक अष्टावक्र की शारीरिक बनावट के कारण कुछ विद्वानों ने हंसी उड़ाई। इस पर अष्टावक्र ने कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके शरीर से नहीं, ज्ञान और विचारों से होती है। उनके तर्क और विद्वत्ता से प्रभावित होकर राजा जनक ने उन्हें सम्मान दिया। अष्टावक्र ने शास्त्रार्थ में बंदी को पराजित कर अपने पिता कहोड़ सहित अन्य ऋषियों को मुक्त कराया। यह प्रसंग सिखाता है कि बाहरी स्वरूप के बजाय व्यक्ति के गुणों और ज्ञान का सम्मान करना चाहिए।
राजा जनक ने अष्टावक्र से पूछा कि ज्ञान प्राप्त करने के बाद भी मन परिस्थितियों से विचलित क्यों होता है। अष्टावक्र ने समझाया कि वर्षों की आदतें और मोह एक दिन में समाप्त नहीं होते। राज्य में पानी की कमी और सीमा पर संकट की सूचना मिलने पर जनक स्वयं विचलित हो गए थे। अष्टावक्र ने उन्हें बताया कि जिम्मेदारियों से भागना समाधान नहीं है। अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए मन को परिस्थितियों के प्रभाव से संतुलित रखना ही वास्तविक समझ है।
अग्रवाल ने अगले प्रसंग में कहा विवाह के लिए अष्टावक्र ने ऋषि वदान्य की पुत्री सुप्रभा का हाथ मांगा। ऋषि ने उनकी परीक्षा लेने के लिए उन्हें उत्तर दिशा की यात्रा पर भेजा। यात्रा में अनेक सुख-सुविधाओं और आकर्षणों के बीच भी अष्टावक्र अपने संकल्प और मर्यादा पर अडिग रहे। उनकी निष्ठा से प्रसन्न होकर उत्तर दिशा की देवी ने उन्हें आशीर्वाद दिया। लौटने पर ऋषि वदान्य ने सुप्रभा का विवाह उनसे कर दिया। इस प्रसंग से संयम, दृढ़ इच्छाशक्ति और अपने सिद्धांतों पर टिके रहने की प्रेरणा मिलती है। कथा के दौरान देशभर से आए दिव्यांगजन एवं सैकड़ों परिजनों ने कथा श्रवण की।
दीपावली – संस्थान में दीपोत्सव धूमधाम से मनाया गया। लक्ष्मीपूजन में संस्थापक चैयरमेन कैलाश मानव, सहसंस्थापिका कमला देवी अग्रवाल, अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल, निदेशक वंदना अग्रवाल मौजूद रहे। इसके बाद दिव्यांगों को फल और मिठाई का वितरण हुआ।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *