सरकारी संस्थानों में जल्द मिलेंगे पीएनजी गैस कनेक्शन
Share
1-2 सप्ताह में चिन्हित स्थानों पर कनेक्शन देने का भरोसा, बैठक में बनी कार्ययोजना
उदयपुर, 1 अप्रैल: जिले के राजकीय आवासों एवं विभिन्न सरकारी संस्थानों में शीघ्र ही पीएनजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। इस संबंध में जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन में बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) जितेन्द्र ओझा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रशिक्षु आईएएस सृष्टि डबास, जिला रसद अधिकारी मनीष भटनागर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पीएनजी कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने संस्थानों में गैस आपूर्ति की प्रक्रिया और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की।
जिला रसद अधिकारी मनीष भटनागर ने बताया कि राजकीय आवास, विद्यालय, छात्रावास, सर्किट हाउस, कॉलेज, प्रशिक्षण संस्थान और विश्वविद्यालय परिसरों में संचालित रसोईघरों को पीएनजी गैस से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही मिड डे मील योजना के तहत संचालित स्कूलों, टीएडी छात्रावासों और अन्य विशेष परियोजनाओं को भी इस नेटवर्क में शामिल किया जाएगा।
बैठक में पीएनजी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि सभी चिन्हित स्थानों पर 1 से 2 सप्ताह के भीतर गैस कनेक्शन उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इससे न केवल ईंधन की सुगमता बढ़ेगी, बल्कि सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से भी यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा।
