LOADING

Type to search

फतहनगर में चेयरमैन पद को लेकर सियासी दांव-पेच तेज

political

फतहनगर में चेयरमैन पद को लेकर सियासी दांव-पेच तेज

Share

पुष्कर डांगी का दावा- निर्दलीय ममता चपलोत चेयरमैन और कांग्रेस का उपाध्यक्ष होगा; पार्षदों की जांच और पुलिस कार्रवाई पर जताई आपत्ति
उदयपुर, 19 सितम्बर :
फतहनगर-सनवाड़ नगर पालिका में बोर्ड गठन को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। मावली के कांग्रेस विधायक पुष्करलाल डांगी ने दावा किया है कि निर्दलीय पार्षद ममता चपलोत चेयरमैन बनेंगी, जबकि उपाध्यक्ष पद कांग्रेस के पास होगा। डांगी ने कहा कि उनके साथ 14 पार्षद हैं और बोर्ड गठन को लेकर पहले ही सहमति बन चुकी है।
पार्षदों की बाड़ाबंदी और पुलिस की जांच को लेकर डांगी ने कहा कि राजनीति में सभी अपने-अपने दांव-पेच करते हैं, लेकिन पार्षदों को नोटिस देना और पुलिस भेजना उचित नहीं है। उनके अनुसार, जिस स्थान पर पार्षद ठहरे हुए थे, वहां पुलिस पहुंची थी। फतहनगर की दो गाड़ियों के अलावा सिरोही जिले की दो पुलिस गाड़ियां भी वहां थीं। उन्होंने बताया कि पुलिस में सीआई, दो एसआई, दो महिला पुलिसकर्मी और कांस्टेबल शामिल थे।
डांगी के अनुसार पुलिस ने 12 पार्षदों के कमरों की जांच की और उनकी जेबें भी चेक की गईं। मोबाइल फोन पार्षदों के पास नहीं थे। उन्होंने बताया कि उनके कमरे के बाहर ताला लगा होने के कारण पुलिस ने कमरा नहीं खोला।
मावली नगर पालिका को लेकर डांगी ने कहा कि वहां एक निर्दलीय पार्षद का वोट महत्वपूर्ण है और उसके समर्थन से बोर्ड गठन की स्थिति तय होगी।
फतहनगर में भाजपा 13, कांग्रेस 12
25 वार्ड वाली फतहनगर-सनवाड़ नगर पालिका में भाजपा ने 13 और कांग्रेस ने 12 वार्ड जीते हैं। चेयरमैन पद अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित है। मावली के 20 वार्डों में कांग्रेस के 10, भाजपा के 9 और एक निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुआ है। वहां चेयरमैन पद अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *