LOADING

Type to search

राजनीतिक समाचार एक साथ : भाजपा पार्षदों ने सांवलिया सेठ के दर्शन किए

political

राजनीतिक समाचार एक साथ : भाजपा पार्षदों ने सांवलिया सेठ के दर्शन किए

Share

महापौर प्रत्याशी पारस सिंघवी सहित नवनिर्वाचित पार्षदों ने की नगर, प्रदेश और राष्ट्र की समृद्धि की प्रार्थना
उदयपुर, 18 सितंबर
: नगर निगम चुनाव में नवनिर्वाचित भाजपा पार्षद इन दिनों लाभगढ़ रिसोर्ट में ठहरे हुए हैं। महापौर और उपमहापौर चुनाव की प्रक्रिया के बीच शुक्रवार को भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों को सांवलिया जी के दर्शन के लिए ले जाया गया। इससे पहले गुरुवार को पार्षदों ने श्रीनाथजी और मेवाड़ के आराध्य भगवान एकलिंगनाथ के दर्शन किए थे।
भाजपा मीडिया संभाग प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को बस से सांवलिया जी ले जाया गया। यहां गोकुलधाम में ठहरने के बाद अल्पाहार किया गया। इसके पश्चात मंदिर मंडल की अध्यक्ष के सानिध्य में पार्षदों को भगवान सांवलिया जी के विशेष दर्शन करवाए गए। पार्षदों ने नगर, प्रदेश और राष्ट्र की समृद्धि की प्रार्थना की।
इसके बाद सभी पार्षद महापौर प्रत्याशी पारस सिंघवी के साथ मंगलवार चौराहे स्थित शर्मा होटल पहुंचे, जहां दाल-बाटी का भोजन किया। इसके बाद देबारी स्थित घाटावाली माता मंदिर में दर्शन किए। यहां मंदिर मंडल की ओर से नवनिर्वाचित पार्षदों और महापौर प्रत्याशी का स्वागत किया गया। इसके बाद सभी पार्षद सीधे लाभगढ़ रिसोर्ट लौटे।
धार्मिक यात्रा में ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, पारस सिंघवी, प्रमोद सामर, अतुल चंडालिया सहित भाजपा पदाधिकारी और नवनिर्वाचित पार्षद शामिल रहे। पार्टी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पार्षदों ने सहभागिता की और आयोजन के लिए संगठन का आभार जताया।

फतहनगर में भाजपा की सीमा और निर्दलीय ममता चपलोत आमने-सामने

चपलोत के आवास व होटल पर नोटिस से बढ़ी हलचल
उदयपुर, 18 सितंबर:
फतहनगर-सनवाड़ नगर पालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले मुकाबले की तस्वीर बदल गई है। कांग्रेस प्रत्याशी सोसर के नामांकन वापस लेने के बाद अब भाजपा की सीमा और निर्दलीय ममता चपलोत के बीच मुकाबला रह गया है। अध्यक्ष पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। 25 वार्ड वाली पालिका में भाजपा के 13 और कांग्रेस के 12 पार्षद निर्वाचित हुए हैं।
ममता चपलोत पूर्व चेयरमैन राजेश चपलोत की पत्नी हैं और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को होना है।
इधर, राजेश चपलोत के उदयपुर स्थित रूपसागर रोड के लवली एस्टेट आवास पर 17 सितंबर की रात यूडीए की ओर से नोटिस दिए जाने की बात सामने आई है। इससे एक दिन पहले फतहनगर-सनवाड़ चौराहे स्थित होटल देवीलीला पैलेस पर नगर पालिका की ओर से अवैध निर्माण को लेकर नोटिस चस्पा किया गया था। चपलोत के बेटे ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे जल्दबाजी में की गई कार्रवाई बताया है। दूसरी ओर, संबंधित निकायों की ओर से निर्माण संबंधी जवाब मांगे जाने की बात सामने आई है। ऐसे में अध्यक्ष चुनाव से पहले फतहनगर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

डूंगरपुर में प्रभु पंड्या ने वापस लिया नामांकन
डूंगरपुर:
डूंगरपुर नगर परिषद सभापति पद के चुनाव में शुक्रवार को पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभु पंड्या ने अपना नामांकन वापस ले लिया। पार्टी का अधिकृत सिंबल नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल किया था। भाजपा ने सुशीला गुप्ता को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से भरत नागदा मैदान में हैं। पंड्या के नामांकन वापस लेने के बाद मुकाबला दोनों प्रत्याशियों के बीच रह गया है। नगर परिषद में भाजपा के पास 25 पार्षद हैं, जबकि कांग्रेस के 12 पार्षद हैं। बीएपी के तीन पार्षद और एक निर्दलीय पार्षद हैं। उपलब्ध संख्या बल के अनुसार भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में बहुमत है।

बांसवाड़ा नगर परिषद में भाजपा की जीत लगभग तय
बांसवाड़ा :
बांसवाड़ा जिले की नगर परिषद और दो नगरपालिकाओं में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर नामांकन वापसी के बाद तस्वीर साफ हो गई है। बांसवाड़ा नगर परिषद में भाजपा के मुकेश रावत और कांग्रेस के गौतम मईड़ा आमने-सामने हैं। 60 सदस्यीय परिषद में भाजपा के 34, कांग्रेस के 22 और चार निर्दलीय पार्षद हैं। कुशलगढ़ के 20 वार्डों में भाजपा के 10, कांग्रेस के 9 और एक निर्दलीय पार्षद है। यहां भाजपा के हितेश पडियार और कांग्रेस की सुशीला प्रजापत मैदान में हैं। गढ़ी-परतापुर नगरपालिका में भाजपा के सुनील आचार्य और कांग्रेस के सुदीप पंचोरी प्रत्याशी हैं। यहां भी निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *