LOADING

Type to search

बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

crime

बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

Share

चाचा के दाह संस्कार में शामिल होने जा रहे थे, बस का टायर चढ़ने से मौके पर ही तोड़ा दम
डूंगरपुर, 10 जुलाई:
शहर के शास्त्री कॉलोनी रोड पर शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बस की टक्कर लगने के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और बस का टायर उनके सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, हादसा बस स्टैंड से तहसील चौराहा मार्ग पर मेवाड़ फर्नीचर के सामने हुआ। मृतकों की पहचान नरेश (29) पुत्र मणिलाल खटीक निवासी खेरवाड़ा और गोपाल खटीक (30) पुत्र रामचंद्र खटीक निवासी सलूंबर के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार थे और इन्द्रखेत में नरेश के चाचा लक्ष्मण खटीक के निधन पर दाह संस्कार में शामिल होने आए थे।
बताया गया कि दोनों युवक शव को पहनाने के लिए कुर्ते पर प्रेस करवाने डूंगरपुर शहर आए थे। वापस लौटते समय यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और बस स्टैंड से तहसील चौराहा मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने ट्रैफिक को दूसरे मार्ग से डायवर्ट किया और दोनों शवों को एम्बुलेंस से डूंगरपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। परिजनों के अनुसार नरेश ने बीएससी की पढ़ाई की थी और वह अपने पिता के साथ फल-फ्रूट के ठेले पर काम करता था। उसके परिवार में एक बड़ा भाई और चार बहनें हैं। पुलिस फरार बस चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।
फोटो कैप्शन: डूंगरपुर के शास्त्री कॉलोनी रोड पर हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ और जांच करती पुलिस।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *