उदयपुर आएंगे संघ प्रमुख मोहन भागवत
Share
17 जून को गांधी ग्राउंड में राष्ट्र चेतना संकल्प सभा, मेवाड़-वागड़ से जुटेंगे हजारों लोग
उदयपुर, 20 मई: मोहन भागवत 17 जून को उदयपुर दौरे पर आएंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक गांधी ग्राउंड में आयोजित होने वाली विशाल “राष्ट्र चेतना संकल्प सभा” को संबोधित करेंगे। यह आयोजन महाराणा प्रताप जयंती और हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुःशती समारोह के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के तत्वावधान में होगा। हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुःशती के तहत पिछले एक वर्ष से मेवाड़-वागड़ क्षेत्र में सांस्कृतिक और राष्ट्र चेतना से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मोहन भागवत के इस दौरे के साथ इन कार्यक्रमों का समापन होगा।
प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि गांधी ग्राउंड में होने वाली सभा में मेवाड़ और वागड़ क्षेत्र के गांव-ढाणियों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए क्षेत्रवार समितियों का गठन किया जा रहा है, जो गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाएंगी।
कार्यक्रम के तहत हल्दीघाटी विजय की गौरवगाथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वीरगाथाओं पर आधारित लघु नाटिकाओं के मंचन की भी तैयारी की जा रही है।
