सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में बीए प्रवेश की प्रक्रिया तेज
Share
ड्राफ्ट मेरिट सूची जारी, 23 जून तक दावे-आपत्तियां; 27 जून से ऑफलाइन काउंसलिंग
उदयपुर, 20 जून: मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के आर्ट्स कॉलेज में सत्र 2026-27 के बीए प्रथम सेमेस्टर प्रवेश के लिए अस्थायी वरीयता सूची जारी कर दी गई है। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों को 23 जून तक दावे-आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया है। इसके बाद अंतिम मेरिट सूची जारी कर 27 जून से ऑफलाइन काउंसलिंग शुरू होगी।
आर्ट्स कॉलेज के डीन प्रो. नीरज शर्मा ने बताया कि ड्राफ्ट मेरिट सूची कॉलेज नोटिस बोर्ड और विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। प्रवेश समिति संयोजक डॉ. नवीन नंदवाना के अनुसार कई विद्यार्थियों के नाम फिलहाल पेंडिंग सूची में रखे गए हैं, क्योंकि उन्होंने आवेदन के समय 12वीं की अंकतालिका अपलोड नहीं की या दस्तावेज स्पष्ट नहीं थे।
ऐसे अभ्यर्थियों को 23 जून दोपहर 1 बजे तक कॉलेज पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज जमा कराने होंगे। इसी अवधि में मेरिट सूची से संबंधित शिकायतें भी छात्र शाखा की खिड़की नंबर-2 पर दर्ज कराई जा सकेंगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद किसी नए दस्तावेज या आपत्ति पर विचार नहीं होगा।
अंतिम मेरिट सूची 24 जून को जारी की जाएगी। इसके आधार पर 27, 28 और 29 जून को ऑफलाइन काउंसलिंग आयोजित होगी। 28 जून रविवार होने के बावजूद प्रक्रिया जारी रहेगी। विद्यार्थियों को मूल दस्तावेज, स्वहस्ताक्षरित प्रतियां और आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी साथ लानी होगी। फीस जमा करने के लिए ऑनलाइन और क्यूआर कोड आधारित डिजिटल व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।
