LOADING

Type to search

आज से शुरू होगा स्टॉप डायरिया अभियान

Health

आज से शुरू होगा स्टॉप डायरिया अभियान

Share

दस्त रोग से बचाव के लिए घर-घर पहुंचेगा जागरूकता संदेश, ओआरएस-जिंक का होगा वितरण
उदयपुर, 15 जून:
मानसून के दौरान पानीजनित बीमारियों और विशेष रूप से बच्चों में होने वाले दस्त रोग की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग 16 जून से 31 जुलाई तक स्टॉप डायरिया अभियान चलाएगा। अभियान के तहत आमजन को दस्त रोग से बचाव, स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि अभियान के दौरान सभी स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष अभियान की थीम “डायरिया की रोकथाम, सफाई और ओआरएस से रखें अपना ध्यान” रखी गई है। इसका उद्देश्य पांच वर्ष तक के बच्चों में दस्त जनित बीमारियों और मृत्यु दर को कम करना है।
आरसीएचओ डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर ओआरएस कॉर्नर स्थापित किए जाएंगे। यहां लोगों को ओआरएस घोल बनाने की विधि, इसके उपयोग और जिंक की महत्ता की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पांच वर्ष तक के बच्चों वाले परिवारों को ओआरएस और जिंक का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
अभियान के तहत ग्राम सभाओं, वीएचएसएनसी बैठकों, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर आईईसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को हाथ धोने की आदत, स्वच्छ भोजन और सुरक्षित पेयजल के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से बच्चों में दस्त के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *