चित्तौड़ दुर्ग पर छुट्टियों में जाम, पर्यटकों ने खुद संभाली व्यवस्था
Share
चित्तौड़गढ़, 28 जून: लगातार तीन दिन की सरकारी छुट्टियों के कारण चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर रविवार को पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे दुर्ग की एकमात्र सड़क पर कई स्थानों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। हालात ऐसे बने कि कई बार दोनों ओर से वाहन आमने-सामने आ गए और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सबसे हैरानी की बात यह रही कि पाडनपोल से लक्ष्मण पोल के बीच जाम खुलवाने के लिए मौके पर न तो ट्रैफिक पुलिस दिखाई दी और न ही किला चौकी का स्टाफ मौजूद था। मजबूर होकर पर्यटकों को स्वयं अपने वाहनों से उतरकर रास्ता खाली करवाना पड़ा, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका। शुक्रवार को मोहर्रम तथा शनिवार-रविवार की छुट्टियों के कारण राजस्थान के अलावा मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में पर्यटक दुर्ग पहुंचे थे। सुबह से दोपहर तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। जाम में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बाहर से आए पर्यटकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी।
