राजकोट में गोल्ड रिफाइनरी कंपनी के कर्मचारी की हत्या कर सोना-चांदी लूटने वाले दो आरोपी उदयपुर में गिरफ्तार, संभाग के प्रमुख अपराध समाचार
Share
946 ग्राम सोना और 2.870 किलो चांदी का पाउडर बरामद, डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक का माल जब्त
उदयपुर, 15 अक्टूबर: गुजरात के राजकोट में गोल्ड रिफाइनरी कंपनी के कर्मचारी की हत्या कर सोना-चांदी लूटकर फरार हुए दो आरोपियों को उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुजरात पुलिस से मिले अलर्ट के बाद राजस्थान में की गई नाकेबंदी के दौरान गुरुवार तड़के दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 946 ग्राम रिफाइंड सोने की सिल्लियां, 2.870 किलोग्राम चांदी का पाउडर और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है। बरामद सोने-चांदी की कीमत डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक बताई गई है।
उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली निवासी अजीत पांडे और शिवम पांडे के रूप में हुई है। दोनों राजकोट में वारदात के बाद कार से राजस्थान के रास्ते उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में थे। गुजरात पुलिस से सूचना मिलने के बाद राजस्थान पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकेबंदी की। इसी दौरान सुखेर थाना पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
14 अक्टूबर को की थी वारदात
जानकारी के अनुसार 14 अक्टूबर की शाम राजकोट स्थित तन्वी एक्सपोर्ट इंडिया लिमिटेड गोल्ड रिफाइनरी कंपनी के एक कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद बदमाश करीब एक किलो सोना और तीन किलो चांदी लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद गुजरात पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और राजस्थान पुलिस को अलर्ट किया।
सिरोही में भी तीन आरोपी पकड़े
मामले में तीन अन्य आरोपियों को सिरोही पुलिस ने भी हिरासत में लिया है। उदयपुर में पकड़े गए दोनों आरोपियों और बरामद माल के संबंध में राजकोट पुलिस को सूचना दे दी गई है। हत्या और लूट का मुख्य मामला राजकोट में दर्ज होने के कारण आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों आरोपियों को राजकोट पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा।
पांच मंदिरों और तीन मकानों में चोरी के तीन इनामी गिरफ्तार
चरवाहे और जेसीबी चालक बनकर पुलिस ने की निगरानी, आरोपियों पर था पांच-पांच हजार का इनाम
उदयपुर, 15 अक्टूबर: सुखेर थाना पुलिस ने डांगियों का गुड़ा गांव में एक ही रात पांच मंदिरों और तीन मकानों में चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। वारदात 26 सितंबर की रात हुई थी।
पुलिस के अनुसार गांव निवासी बंशीलाल डांगी की रिपोर्ट पर दर्ज मामले में माहीला देवर, धर्मराजजी मंदिर, मगरी वाला देवर, कुम्हारों के मंदिर और भैरूजी मंदिर से चांदी की मूर्तियां, छत्र और दानपेटियों से नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई। गांव के तीन मकानों के ताले तोड़ने की भी शिकायत थी। प्रकरण संख्या 423/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 331(4) और 305(ए) के तहत जांच शुरू की गई।
पहाड़ियों में घेराबंदी कर पकड़े
पुलिस ने हाईवे और सीसीटीवी से बचने के लिए खेतों-पहाड़ियों के रास्ते इस्तेमाल करने वाले आरोपियों की तलाश में भेष बदलकर निगरानी की। बीटीएस डेटा और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गोगुंदा-ओगणा मार्ग की पहाड़ियों से मेघाराम (22), कमलेश (20), दोनों निवासी कलवा खेड़ा नाल, गोगुंदा, और भैराराम (22), निवासी बिलख कुंडाल, ओगणा को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी वारदात से पहले शराब पीते और शहर से बाहर मोबाइल बंद कर देते थे। पूछताछ जारी है।
मामा के होटल में युवक ने लगाया फंदा, कमरे में मिला शव
उदयपुर संभाग में घटना, होटल के काम में हाथ बंटाता था युवक
चित्तौड़गढ़, 15 अक्टूबर: शहर के किला रोड स्थित एक होटल में गुरुवार सुबह 30 वर्षीय संजय दान चारण का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। वह निम्बोदा निवासी श्रवण दान चारण का पुत्र था और अपने मामा सज्जनदान चारण के होटल का काम संभालता था। वह अक्सर रिसेप्शन के पीछे बने कमरे में रुकता था। सुबह होटल में ठहरे लोगों को रिसेप्शन पर कोई नहीं मिला तो मालिक को सूचना दी गई। सज्जनदान ने संजय को फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। स्टाफ दूसरे रास्ते से किचन होते हुए कमरे तक पहुंचा तो शव मिला। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है।
इलाज के नाम पर 17.30 लाख की ठगी, खाता देने वाला गिरफ्तार
राजसमंद, 15 अक्टूबर: देवगढ़ थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी की रकम जमा कराने के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने के आरोप में गुजरात के भीलाड, वापी क्षेत्र से विनोद कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विजयपुरा निवासी मोहनलाल बुनकर ने 20 मार्च 2025 को रिपोर्ट दी थी कि उनकी मां के घुटने का देशी तरीके से इलाज करने के नाम पर डॉ. जरिवाल सहित अन्य लोगों ने उनसे 17 लाख 30 हजार रुपए की ठगी की। मामले की जांच में बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विनोद की भूमिका सामने आई। पुलिस का कहना है कि आरोपी ठगी की रकम जमा कराने के लिए खाते उपलब्ध करवाता था। उससे पूछताछ कर अन्य आरोपियों और रकम के संबंध में जांच की जा रही है।
पत्नी से विवाद के बाद युवक ने काटी कलाई की नस
गंभीर हालत में उदयपुर रेफर
बांसवाड़ा, 15 अक्टूबर: कुशलगढ़ कस्बे में गुरुवार सुबह पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पप्पू पुत्र दिनेश ने अपनी कलाई पर धारदार वस्तु से वार कर लिया। इससे उसके हाथ पर गहरा घाव हो गया और वह लहूलुहान हो गया। परिजन उसे निजी वाहन से कुशलगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सुबह करीब 11:30 बजे उसे महात्मा गांधी अस्पताल, बांसवाड़ा रेफर किया। वहां से घाव की गंभीरता को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उदयपुर भेज दिया गया। घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
एमडी तस्करी में बैंक खाता देने वाला आरोपी गिरफ्तार
खाते में रकम जमा कराने पर 10 प्रतिशत कमीशन लेने का आरोप
प्रतापगढ़, 15 अक्टूबर: अरनोद थाना पुलिस ने 300 ग्राम एमडी तस्करी मामले में गुजरात के भावनगर निवासी धार्मिक बेगड को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को रठांजना पुलिस ने खालिद निवासी बागलिया के पास से 300 ग्राम एमडी और बिना नंबर की बाइक जब्त की थी। जांच में एमडी इब्राहिम खान निवासी गादोला तक पहुंचने की जानकारी मिली। इब्राहिम के पास धार्मिक के नाम का एटीएम कार्ड मिला। बैंक रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने धार्मिक को भावनगर से पकड़ा। तलाशी में संबंधित एटीएम की पासबुक और दस्तावेज मिले। पुलिस का कहना है कि आरोपी खाते में रकम जमा कराने के बदले 10 प्रतिशत कमीशन लेता था। मामले में आगे जांच जारी है।
तीन साल से फरार अफीम तस्करी का आरोपी गिरफ्तार
निम्बाहेड़ा निवासी 51 वर्षीय आरोपी 2023 के मामले में वांछित था
उदयपुर, 15 अक्टूबर: अंबामाता थाना पुलिस ने अफीम की खरीद-फरोख्त से जुड़े वर्ष 2023 के मामले में तीन साल से फरार चल रहे आरोपी भरतलाल आंजना (51) को गिरफ्तार किया है। वह मरजीवी, निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ का निवासी है और एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित था। पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी राजेश यादव के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। थाना अधिकारी राजेंद्र सिंह चारण और स्पेशल टीम प्रभारी रतन सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ और मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।

