फतहसागर से रानी रोड तक निकली ‘वॉक फॉर होप’ वॉकाथोन
Share
गर्भधारण पूर्व देखभाल, महिला स्वास्थ्य और बेटी बचाओ का दिया संदेश
उदयपुर, 19 सितम्बर: महिलाओं के स्वास्थ्य, गर्भधारण पूर्व देखभाल, नवजात स्वास्थ्य एवं बेटी बचाओ को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आईएसएआर, पेसिफिक आईवीएफ सेंटर, सम्पूर्णा एवं फॉग्सी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार सुबह ‘वॉक फॉर होप’ वॉकाथोन का आयोजन किया गया। सुबह 6:30 बजे फतहसागर पाल से शुरू हुई करीब 45 मिनट की जागरूकता वॉक रानी रोड तक पहुंची। इसमें करीब 400 चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं नर्सिंग विद्यार्थियों ने भाग लिया।
वॉकाथोन को आईएसएआर की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सम्पूर्णा की प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. सुनीता तांदुलवाडकर, पेसिफिक आईवीएफ की निदेशक डॉ. मनीषा वाजपेयी, आईएसएआर एम्ब्रियोलॉजी कमेटी के चेयरपर्सन डॉ. केशव मल्होत्रा, सचिव डॉ. आशीष काले, डॉ. अश्विनी काले, डॉ. नेहारिका मल्होत्रा सहित अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
डॉ. सुनीता तांदुलवाडकर ने कहा कि स्वस्थ मातृत्व की तैयारी गर्भधारण के बाद नहीं, बल्कि उससे पहले शुरू होनी चाहिए। वॉक के दौरान प्री-प्रेग्नेंसी हेल्थ असेसमेंट, पोषण, एनीमिया से बचाव, स्वस्थ वजन, रक्तचाप एवं मधुमेह नियंत्रण, थायरॉइड स्वास्थ्य, टीकाकरण, संक्रमण से बचाव, मानसिक स्वास्थ्य, सुरक्षित गर्भावस्था और नवजात शिशु की देखभाल जैसे विषयों पर जागरूकता का संदेश दिया गया।
पेसिफिक आईवीएफ की निदेशक डॉ. मनीषा वाजपेयी ने बताया कि पहल का उद्देश्य गर्भधारण पूर्व देखभाल के साथ फर्टिलिटी केयर और बेटी बचाओ को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने गर्भधारण से पहले चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य देखभाल को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही कन्या भ्रूण संरक्षण एवं बेटियों के महत्व को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।
पीएमसीएच के चेयरमैन राहुल अग्रवाल ने आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिला स्वास्थ्य, गर्भधारण पूर्व परामर्श और बेटी बचाओ जैसे विषयों पर जन-जागरूकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि पीएमसीएच स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ सामाजिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों के समर्थन के लिए प्रतिबद्ध है।

