जल संरक्षण का पाठ पढ़ा रहे ‘जल मॉनिटर्स’
Share
महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल सुंदरवास में विद्यार्थियों को दिया जल बचाने का प्रशिक्षण
उदयपुर, 11 जुलाई: स्थानीय महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल, सुंदरवास में गत वर्ष अध्यापिका इंद्रा कंवर द्वारा बनाए गए ‘जल मॉनिटर्स’ को शनिवार को केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय से ‘वाटर हीरो’ सम्मान प्राप्त डॉ. पी.सी. जैन ने जल संरक्षण की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने लैपटॉप पर वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों को पानी की बचत, जल दिनचर्या और पानी के सदुपयोग के तरीके समझाए।
डॉ. जैन ने रिटायर्ड आईएएस अधिकारी एम. मोहन राव द्वारा रचित जल गीत ‘जल ही अमृत है’ और ‘जल बिन जीवन जल जाएगा’ के वीडियो दिखाकर विद्यार्थियों को प्रेरित किया। साथ ही वर्षा जल संचयन और उसे ट्यूबवेल व हैंडपंप के जरिए भूजल पुनर्भरण में उपयोग करने की जानकारी भी दी।
प्रशिक्षण के बाद जल मॉनिटर्स ने अपनी-अपनी कक्षाओं में जाकर अन्य विद्यार्थियों को जल संरक्षण का संदेश दिया और ‘सबसे बोलो, नल कम खोलो’ जैसे नारे भी लगवाए। कार्यक्रम में प्राचार्य लक्ष्मी भक्तानी ने आभार व्यक्त किया, जबकि स्वागत सोनू लोहार ने किया। इस दौरान संदीप सांगानेरिया और नरेंद्र खत्री भी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को पानी कम प्रदूषित करने के उद्देश्य से नींबू और राख से बने प्राकृतिक बर्तन साफ करने वाले साबुन भी वितरित किए गए।
