बस का इंतजार कर रही महिला को डंपर ने कुचला, मौके पर मौत
Share
भतीजी की देखभाल कर अस्पताल से लौट रही थी, चालक वाहन छोड़कर फरार
उदयपुर, 15 जून: राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 56 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बड़गांव थाना क्षेत्र स्थित बरोड़िया चौकी के पास तेज रफ्तार डंपर ने बस का इंतजार कर रही महिला को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार गोगुंदा थाना क्षेत्र के पड़ावली कलां निवासी टमूड़ी बाई राजपूत अपनी भतीजी की देखभाल के लिए पिछले चार दिनों से शहर के एक निजी अस्पताल में रुकी हुई थी। सोमवार को अस्पताल से घर लौटते समय वह पेट्रोल पंप के पास बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान उदयपुर की ओर से आ रहे डंपर ने पेट्रोल पंप की ओर मुड़ते समय उसे चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शी बालू भील ने बताया कि डंपर चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन मोड़ा और अगला पहिया सीधे महिला के ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबी चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से हो रही दुर्घटनाओं पर सवाल खड़े कर रहा है।
